जोधपुर पुलिस ने देर रात एक मकान पर दबिश देकर वहां खड़े ट्रक से 1300 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त जब्त किया है। हालांकि, तस्करों को नहीं पकड़ा जा सका है।
डांगियावास पुलिस ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि पीथावास डांगियावास गांव में पप्पाराम विश्रोई के घर के बाहर खड़े ट्रक में अवैध रूप से डोडा पोस्त लाया गया है। इस पर थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने जाप्ते के साथ वहां दबिश दी। पुलिस को इस ट्रक में 72 बोरों में डोडा पोस्त मिला। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस ट्रक को पप्पाराम विश्रोई के पुत्र अनिल और सुनील लेकर आए थे, लेकिन वे पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। बरामद बोरों में 13500 किलोग्राम डोडा पोस्त मिला है। बरामद डोडा की कीमत करीबन 60 से 70 लाख रुपए आंकी गई है। डोडा पोस्त चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा से लाया जाना सामने आया है।