पूर्व मंत्री का भाजपा पर बड़ा हमला
राजस्थान के पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए नरेश मीणा थप्पड़ कांड और डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के मामले में भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गलती SDM और नरेश मीणा, दोनों की थी लेकिन सजा सिर्फ एक को मिल रही है। गुढ़ा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी छोटे मामलों को बेवजह तूल दे रही है।
गुढ़ा ने कहा कि जल्द ही नरेश मीणा के गांव से जयपुर तक पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि हम एक जनप्रतिनिधि के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हम इस मामले में सरकार को हिलाकर रख देंगे।
उन्होंने भाजपा को एहसान फरामोश बताते हुए कहा कि 5 साल तक गहलोत सरकार के खिलाफ अगर किसी ने संघर्ष किया, तो वो सिर्फ डॉ. किरोड़ी मीणा थे लेकिन अब भाजपा ही उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किरोड़ी मीणा के साथ गलत कर रही है और यह अन्याय की पराकाष्ठा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर भी गुढ़ा ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीएम के पास कमजोर लोगों की टीम है, इसलिए उनकी सरकार भी लगातार कमजोर साबित हो रही है।
पूर्व मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा इससे पहले समर्थकों के साथ झुंझुनूं स्थित कान्हा पहाड़ी पर खनन का विरोध करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां खनन के कारण 9 बच्चों की मौत हो चुकी है। शहर के बीचों-बीच इस तरह के कार्य की अनुमति देना पूरी तरह गलत है। अगर प्रशासन ने जबरन खनन कार्य शुरू किया, तो हम उसका इलाज कर देंगे। फिर चाहे कोई वर्दी में हो या नहीं, उसे हमेशा के लिए सबक मिल जाएगा।