डिफेंस एकेडमी संचालक से रंगदारी की मांग
- फोटो : अमर उजाला
जिले के चिड़ावा कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्रतिष्ठित डिफेंस एकेडमी संचालक से खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताने वाले बदमाश ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने लगातार फोन कॉल और वॉइस मैसेज भेजकर न केवल जान से मारने की धमकी दी, बल्कि परिवार की निजी जानकारी बताकर दहशत का माहौल भी बना दिया। मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार न्यू क्रिश डिफेंस एकेडमी के संचालक विकास कुल्हरी ने चिड़ावा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 19 जून से एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए शुरुआत में 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर सिर में गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी। परिवादी के अनुसार आरोपी ने कई दिनों तक लगातार कॉल कर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास किया। वह बार-बार दावा करता रहा कि उसे कोचिंग संस्थान, परिवार और उनकी दैनिक गतिविधियों की पूरी जानकारी है। इतना ही नहीं उसने 23 जून शाम 6 बजे तक रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 'जगन गुर्जर जन्मजात अपराधी नहीं था', पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताए डकैत बनने के पीछे के कारण
मामला तब और गंभीर हो गया जब 24 जून को आरोपी ने दोबारा संपर्क कर रंगदारी की रकम 2 करोड़ से बढ़ाकर सीधे 5 करोड़ रुपये कर दी। उसने दावा किया कि उसका एक साथी लगातार उन पर नजर रखे हुए है और मौका मिलते ही गोली मार देगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने अपना नाम सुंदर हांसी बताया और विकास कुल्हरी की पत्नी के डाकघर में कार्यरत होने की जानकारी देकर यह जताने की कोशिश की कि वह परिवार की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। लगातार मिल रही धमकियों से एकेडमी संचालक और उनका परिवार भयभीत हो गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
चिड़ावा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(4) एवं 111(2)(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई कैलाशचंद्र को सौंपी गई है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।