कलयुीग बेटे ने मां को मौत के घाट उतारा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान में 28 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिगनोर गांव का रहने वाला परिवार वर्तमान में नवलगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने रह रहा था। मृतका की पहचान 59 वर्षीय प्रभाती देवी के रूप में हुई है। आरोपी बेटा राजवीर पीडब्ल्यूडी विभाग में यूडीसी पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे राजवीर और उसकी मां प्रभाती देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आए राजवीर ने रसोई से चाकू उठाया और मां पर हमला कर दिया। उसने एक के बाद एक मां पर कई वार किए, जिससे प्रभाती देवी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ीं।
ये भी पढ़ें: 'जनता को परेशान किया तो हर बार आऊंगी': घूंघट में पहुंचीं पूर्व विधायक, EO को अंग्रेजी में लगाई जमकर फटकार
हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने फरार होने के बजाय अपनी बहन और जीजा शिवकुमार को फोन पर घटना की जानकारी दी। उसने फोन पर बताया कि उसने मां को मार दिया है। सूचना मिलते ही बहन, जीजा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल नवलगढ़ के जिला अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजवीर शराब पीने का आदी था। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपने पांच वर्षीय बेटे को लेकर पीहर चली गई थी। इसके बाद वह अपनी मां के साथ ही रह रहा था। पुलिस का मानना है कि पारिवारिक कलह और नशे की लत इस खूनी वारदात की मुख्य वजह हो सकती है। घटना की सूचना पर नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल तथा एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए मकान को सील कर दिया। मृतका के दामाद की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी राजवीर को उसके घर से ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।