चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
- फोटो : अमर उजाला
झालावाड़ के सदर थाना क्षेत्र स्थित कालीसिंध थर्मल कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 28 और 29 नवंबर 2025 की मध्य रात्रि को कॉलोनी परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया और जांच शुरू की।
गूगल मैप से करते थे टारगेट तय
पुलिस के अनुसार आरोपी गूगल मैप पर टाउनशीप, फैक्टरी या थर्मल कॉलोनी सर्च कर स्थान चिन्हित करते थे। इसके बाद वे मौके की रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह का काम करने का तरीका अलग और योजनाबद्ध बताया गया है।
अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य गिरफ्तार
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि करीब 600 किलोमीटर दूर जाकर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के मुख्य सदस्य करण भाभर को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही चोरी का सोना खरीदने वाले तीन ज्वैलर्स राज सोनी, हार्दिक सोनी और चेतन सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 90 ग्राम सोना और 1 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और लूट के दर्जनों प्रकरण दर्ज हैं।
पढ़ें- Rajasthan News: राइट टू हेल्थ कानून पर मंत्री के जवाब को लेकर गहलोत का तीखा वार, सरकार पर साधा निशाना
12 क्वार्टरों को बनाया निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने थर्मल कॉलोनी के 12 क्वार्टरों को निशाना बनाया था। घटना के समय अधिकांश कार्मिक अवकाश पर या अपनी ड्यूटी पर थे, जिससे घरों पर ताले लटके हुए थे। आरोपियों ने गेट की कुंडी को कटर से काटकर वारदात को अंजाम दिया।
पूरे मामले में सदर थानाधिकारी रामस्वरूप राठौर की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
एक साथ इतने परिवारों के यहां चोरी की घटना सामने आने के बाद थर्मल कर्मियों में रोष व्याप्त हो गया था। नाराज कर्मचारियों ने झालावाड़ पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक तथा जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले से अवगत कराया।