डग में शव रखकर विरोध करते समाज के लोग
जिले के डग थाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव में एएनटीएफ टीम की दबिश के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पहचान आरिफ के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान एएनटीएफ टीम ने आरिफ के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीण शव को वाहन में रखकर डग थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: Alwar News: स्पा सेंटर पर पुलिस की रेड, संचालिका समेत 5 युवक हिरासत में; संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू
प्रदर्शनकारियों ने मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए गंगधार सर्किल समेत आसपास के थानों का पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से समझाइश कर माहौल शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद एहतियात के तौर पर डग कस्बे के बाजार भी बंद हो गए। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दबिश में जयपुर, कोटा और अन्य क्षेत्रों की पुलिस टीम भी शामिल थी।
वारंटी की तलाश में पहुंची थी टीम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस टीम घाटाखेड़ी निवासी लियाकत नामक वारंटी की तलाश में गांव पहुंची थी। आरोप है कि लियाकत नहीं मिलने पर पुलिस आरिफ को अपने साथ ले गई। कुछ समय बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और समाज के लोग शव को लेकर डग थाने पहुंचे और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।