सायला कस्बे के रेवतड़ा बाईपास पर स्थित एक खेत के सूखे कुएं में गिरने से शनिवार शाम एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर सायला पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान वेलाराम पुत्र जयंतीलाल सरगरा (निवासी सायला) के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था। शाम को ग्रामीणों ने उसे कुएं में गिरा पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस व ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और राजकीय अस्पताल, सायला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल युवक के कुएं में गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।