जालौर जिले के रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के मैत्रीवाड़ा गांव में एक महिला से मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने देवर और ससुर पर हमला, लाठी-पत्थरों से मारपीट तथा लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद को लेकर सामने आया मामला
बताया गया है कि जालौर जिले के रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के मैत्रीवाड़ा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर यह मामला सामने आया। वायरल वीडियो में ससुर और देवर एक महिला के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना में लाठी-डंडे और पत्थरों से मारपीट किए जाने का दावा किया गया है। यह घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस थाने में दी रिपोर्ट
पीड़िता कालीदेवी पत्नी वगताराम, निवासी मैत्रीवाड़ा, ने पुलिस थाना रानीवाड़ा में रिपोर्ट देकर अपने देवर रमेश कुमार और ससुर सोमाराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
बेटी के विवाह को लेकर दबाव बनाने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता ने बताया कि उसकी बेटी भावना कुमारी का विवाह उसके देवर रमेश कुमार के साटे में किया गया था। वर्तमान में रमेश कुमार की पत्नी उसके घर पर रह रही है, जबकि उसकी बेटी भावना अपने ससुराल धामसीन में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर और देवर उसकी बेटी का विवाह तुड़वाकर उसे वापस घर लाने के लिए दबाव बना रहे थे।
पढ़ें- Udaipur: विवाहिता की मौत के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल में की तोड़फोड़, पति का अपहरण कर जंगल ले जाकर की हत्या
घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
महिला ने बताया कि जब उसने इस बात से इनकार किया तो 22 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे उसका देवर रमेश कुमार पुत्र सोमाराम और ससुर सोमाराम पुत्र गजाजी, दोनों एकराय होकर लाठी और पत्थर लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने घर के बंद आंगन में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लज्जा भंग और चोट पहुंचाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी ओढ़नी खींचकर नीचे गिरा दी, जिससे उसकी लज्जा भंग हुई। हमले में उसके शरीर पर चोटें भी आईं। शोर सुनकर उसके पति वगताराम, पुत्री नर्मदा तथा पड़ोसी देवाराम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। इसके बाद आरोपी मौके से चले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
महिला ने 26 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना रानीवाड़ा कैंप मैत्रीवाड़ा में हस्तलिखित रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी रानीवाड़ा के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अनुसंधान अधिकारी को प्रकरण सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।