दौड़ती हुई नामांकन रद्द कराने पहुंचीं महिला प्रत्याशी
- फोटो : Amar Ujala
जालोर नगर परिषद चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को वार्ड 35 से जुड़ा मामला चर्चा में रहा। निर्दलीय प्रत्याशी नीलम कुमारी दोपहर करीब 2 बजे अपने पति अशोक कुमार के साथ नामांकन वापस लेने निर्वाचन कार्यालय पहुंचीं। नामांकन वापस लेने के बाद करीब 2:55 बजे नीलम कुमारी दौड़ते हुए रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार के पास पहुंचीं और अपना नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की।
महिला ने नाम वापसी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया
नीलम कुमारी ने आरोप लगाया कि उन पर दबाव बनाकर नामांकन वापस करवाया गया है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव लड़ना चाहती हैं। उन्होंने महिलाओं को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि महिलाओं को आगे आने से रोका जा रहा है। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एक बार प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद उसे दोबारा बहाल नहीं किया जा सकता।
पहले भी चुने जा चुके हैं पार्षद
नीलम कुमारी के ससुर सांवला सांखला भी पूर्व में वार्ड 35 से निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में अब कुल 174 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें भाजपा के 40, कांग्रेस के 40 और आरएलपी के 2 प्रत्याशी शामिल हैं। इसके अलावा 92 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान: निकाय चुनाव में ओवैसी-बेनीवाल की जुगलबंदी से सियासी हलचल, क्या कांग्रेस के वोट बैंक में लगेगी सेंध?
शुक्रवार को जारी हुए चुनाव चिन्ह
शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जा चुके हैं, चिन्ह मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी भी मतदाताओं से घर-घर जाकर मेल-मुलाकात कर रहे हैं।