स्कूल के बाहर धरने पर बैठी महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
जैसलमेर के खुहड़ी थाना इलाके में अधेड़ उम्र के एक सरकारी अध्यापक पर ग्रामीणों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। इसके चलते आज सुबह छात्राओं के परिजन व ग्रामीण स्कूल पहुंचे और प्रदर्शन कर टीचर को हटाने की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर खुहड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मामले को गर्माता देख शिक्षा विभाग ने भी टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की। गांव के 3 परिजनों ने पुलिस में छेड़छाड़ का मामला खुहड़ी थाने में दर्ज करवाया और समझाइश बाद ग्रामीण अपने घर लौटे। वहीं पुलिस सरकारी टीचर से इस मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें: Banswara News: आनंदपुरी में महिला से चेन लूटने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, साथी फरार
खुहड़ी थाने के एएसआई तुलछाराम ने बताया कि स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ कक्षा 6 की 3 से 4 बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की शिकायत मिली। स्कूल पहुंचे तो पीड़िताओं के परिजन और गांव के लोगों ने लिखित शिकायत दी है। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया, साथ ही इस मामले की जांच शुरू की गई।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में 3 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है। बच्चियों और दूसरे शिक्षकों के भी बयान लिए जा रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (प्रथम) रमेश दत्त की अध्यक्षता में कमेटी जांच कर रही है। जांच अधिकारी रमेश दत्त ने बताया कि सूचना पर हम सब भी स्कूल पहुंचे। विभाग ने मेरी अध्यक्षता में 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। अब इस मामले में जांच की जा रही है।