मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के चाहड गांव स्थित 33 केवी जीएसएस से ट्रांसफॉर्मर ऑयल चुराकर भाग रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने लगभग 100 किलोमीटर तक पीछा करके पकड़ लिया। ग्रामीणों की त्वरित सूचना पर हरकत में आई पुलिस टीम ने आरोपियों का रूट पता कर घेराबंदी की, जिसके बाद नाचना-रामदेवरा मार्ग पर दिधु गांव के पास अनियंत्रित होकर पिकअप पलटने से तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
चालू बिजली लाइनों के बीच चोरी
चाहड गांव स्थित 33 केवी जीएसएस परिसर में अलसुबह चोर ट्रांसफॉर्मरों के नट-बोल्ट खोलकर उनमें भरा ऑयल ड्रमों और कैन में भर रहे थे। चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस समय आरोपी इस वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस समय बिजली की लाइनें भी चालू थीं। परिसर से अचानक आ रही संदिग्ध आवाजों को सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो चोरों को तेल चोरी करते हुए पाया। ग्रामीणों को देखकर आरोपियों ने तुरंत अपनी पिकअप को दौड़ा दिया और मौके से भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने अविलंब मोहनगढ़ पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
100 किलोमीटर तक पुलिस पीछा
सूचना प्राप्त होते ही मोहनगढ़ पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया। पिकअप का सही रूट पता चलने के बाद पुलिस टीम ने उनका करीब 100 किलोमीटर तक लगातार पीछा किया। नाचना-रामदेवरा मार्ग पर दिधु गांव के निकट पुलिस की गाड़ी को अपने पीछे आता देखकर आरोपियों ने बचने के लिए पिकअप की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। पिकअप के पलटते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी अब पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही इस वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों और चोरी के पूरे नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।