पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई रेल सेवा जैसलमेर एक्सप्रेस शुरू की जा रही है। इस रेल सेवा का शुभारंभ 29 नवंबर को किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जैसलमेर स्टेशन से इस नई रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर जैसलमेर विधायक छोटूसिंह, बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
जैसलमेर-शकूरबस्ती (दिल्ली) एकतरफा उद्घाटन विशेष एक्सप्रेस ट्रेन 29 नवंबर को सुबह 11:20 बजे जैसलमेर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे शकूरबस्ती (दिल्ली) पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में आशापुरा गोमट, रामदेवरा, फलौदी, मारवाड़ लोहावट, ओसियां, जोधपुर, मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: शादी की खुशियां बनीं मातम! शादी के दो दिन बाद DRDO ज्वाइंट डायरेक्टर की मौत, जानिए पूरा मामला
इस उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच 1 फर्स्ट एसी, 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 6 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 पॉवरकार और 1 गार्ड डिब्बा होंगे।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि 1 दिसंबर से यह सेवा नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन (गाड़ी संख्या 12249/12250) के रूप में शुरू होगी। गाड़ी संख्या 12249, शकूरबस्ती (दिल्ली)-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रतिदिन शाम 5:10 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 12250, जैसलमेर-शकूरबस्ती (दिल्ली) सुपरफास्ट एक्सप्रेस
प्रतिदिन शाम 5 बजे जैसलमेर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
दोनों गाड़ियां मार्ग में दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नावां सिटी, कुचामन सिटी, मकराना, डेगाना, मेडता रोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहावट, फलौदी, रामदेवरा और आशापुरा गोमट स्टेशनों पर ठहराव करेंगी।
इस नियमित सेवा में भी कुल 16 डिब्बे होंगे, जिनमें 1 फर्स्ट एसी, 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 6 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 गार्ड डिब्बा और 1 पॉवरकार शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नई रेलसेवा शुरू होने से दिल्ली और जैसलमेर के बीच यात्रा सुविधाजनक और तेज होगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।