बालोतरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भौकाल’ के तहत एक बार फिर दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त, एक अवैध पिस्टल, दो वाहन जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पचपदरा व कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में की गई, जहां एक एम्बुलेंस और बोलेरो वाहन से कुल 1240.2 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
एम्बुलेंस की आड़ में हो रही थी तस्करी
डीसीआरबी बालोतरा से प्राप्त इनपुट के आधार पर 14 जून को पचपदरा पुलिस ने पटाऊ सरहद में नाकाबंदी कर एक एम्बुलेंस वाहन की घेराबंदी की। वाहन चालक ने नाकाबंदी देख भारतमाला रोड की ओर भागने का प्रयास किया लेकिन डीएसटी बालोतरा और कल्याणपुर पुलिस टीम की सतर्कता से पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीराराम पुत्र पदमाराम जाट (उम्र 21 वर्ष), निवासी भुरटिया, थाना नागाणा, जिला बाड़मेर- बालोतरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पीराराम के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस व एक खाली केस मिला। वहीं, एम्बुलेंस से 65 कट्टों में कुल 1179 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित जैन आईपीएस ने बताया कि तस्करी के लिए फोर्स कंपनी की एम्बुलेंस का उपयोग किया गया था, जिससे साफ है कि आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए पेशेवर तरीके अपना रहे हैं।
पढ़ें: झालावाड़ का कोलाना एयरपोर्ट रन-वे तैयार, एक साथ उतरे पांच विमान; बड़े विमानों के लिए है खास
बोलेरो से 61.2 किलो डोडा पोस्त, आरोपी फरार
इसी दिन कल्याणपुर थाना पुलिस ने भी सरवड़ी पुरोहितान सरहद में नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन को रोका। चालक रसुलखां पुत्र गनी खां निवासी पटाउ खुर्द और उसका साथी मौके से फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 कट्टों में 61.2 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस मामले में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया गया है। प्रकरण की जांच पचपदरा थानाधिकारी अमराराम द्वारा की जा रही है।
ऑपरेशन 'भौकाल' से मादक पदार्थ तस्करों में खौफ
पुलिस अधीक्षक अमित जैन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर व जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन भौकाल’’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लगातार कार्रवाई कर तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है।