दो बच्चों के पिता के साथ नागौर से भागकर जैसलमेर आई नाबालिग लड़की और युवक ने रामदेवरा में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लिया। घटना के बाद ट्रेन को रोककर दोनों के शवों को ट्रेन में रखकर रामदेवरा रेलवे स्टेशन लाया गया। दोनों पांच फरवरी से गायब थे। जैसलमेर के रामदेवरा से डेढ़ किलोमीटर पहले बुधवार रात नौ बजे की ये घटना है।
रामदेवरा थाने के हेड कांस्टेबल गोविंदराम ने बताया कि रणुजा एक्सप्रेस जैसलमेर-पोकरण की तरफ से रामदेवरा आ रही थी। इस दौरान रामदेवरा रेलवे स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले युवक के साथ नाबालिग लड़की ट्रेन के आगे कूद गई। युवक की पहचान धनराज (30) पुत्र परसाराम नागौर के रूपसर निवासी के रूप में हुई। लड़की की उम्र करीब साढ़े 17 साल थी, जो रूपसर की ही रहने वाली थी। घटना स्थल से एक की-पेड फोन और लेडीज बैग मिला है, जिसमें मिली आरसी और आधार कार्ड से दोनों की पहचान हुई।
ट्रेन को रोककर शवों को स्टेशन पर लाए
घटना के बाद ट्रेन को रोककर गार्ड और यात्रियों की मदद से दोनों शवों को रामदेवरा रेलवे स्टेशन लाया गया। यहां रामदेवरा रेलवे स्टेशन प्रशासन के द्वारा शवों को रामदेवरा पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने शव को रामदेवरा हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। दोनों मृतकों के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। सूचना के बाद हॉस्पिटल में मौके पर पोकरण डीएसपी कैलाश विश्नोई और एएसपी गोपाल सिंह भाटी पहुंचे।