ओम बिरला से मिला 70 साल का पुराना साथी राजू
- फोटो : अमर उजाला
जैसलमेर के पोकरण में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने एक दिवसीय यात्रा प्रवास के दौरान रामदेवरा आए। जहां बाबा रामदेव समाधि समिति कार्यालय में झाड़ू-पोंछा और सफाई का काम करने वाले राजू (70) ने ओम बिरला को देखा, तो मुलाकात कर गले लगकर फूट-फूटकर रोया। दोनों ही बचपन के मित्र हैं।
सफाईकर्मी राजू ने समाधि समिति पदाधिकारी को अवगत करवाया कि वर्ष 1972 में मैंने और ओम बिरला ने कोटा के विद्यालय में कक्षा 6 , 7 और 8 में नियमित रूप से एक साथ पढ़ाई की थी। समय और परिस्थितियों के कारण मैं आगे पढ़ाई नहीं कर पाया ।लेकिन उनके साथ पढ़े गए पल मुझे आज भी याद हैं।आर्थिक रूप से कमजोर और शारीरिक रूप से असक्षम होने के कारण कई प्रकार की बीमारियों से आज राजू ग्रस्त है।
राजू ने बताया कि वह कैंसर जैसी लाइलाज बीमारी से भी जूझ रहा है। रामदेवरा प्रवास के दौरान उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से व्यक्तिगत मुलाकात की और गले लगकर फूट-फूट कर रोने लगा। उसने और स्पीकर ने पुराने दिनों को याद किया। इस पर उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मांग रखी कि वह कई प्रकार की बीमारी से ग्रस्त है, ऐसे में उसका किसी अच्छे अस्पताल से इलाज करवाया जाए और उसके लिए 2 समय के भोजन की व्यवस्था की जाए। ऐसे में स्पीकर ने अपने बचपन के साथी सखा को आश्वस्त किया कि उसका इलाज उनके द्वारा करवाया जाएगा। उसे हर तरह की सहायता भी दी जाएगी।
इस अवसर पर बाबा रामदेव समाधि समिति के गादी पति राव भोम सिंह तंवर और समस्त पदाधिकारी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे ।यह मौका कृष्ण के सुदामा से मिलने जैसा था। जब दोनों साथी 50 साल के बाद एक दूसरे से गले मिले, तो वहां खड़े अन्य अधिकारी और प्रशासन के कर्मचारी भी इस भावुक लम्हे को अपनी आंखों से देखकर भाव विभोर होने लगे। कृष्ण और सुदामा की दोस्ती की रामदेवरा समाधि स्थलि पर पुनरावर्ती देखने को मिली।