जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में एक महिला लेक्चरर की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। रामनगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
निजी कॉलेज में थीं लेक्चरर मृतका
हेड कॉन्स्टेबल नाहर सिंह के अनुसार, मृतका की पहचान भावना वशिष्ट (40), पत्नी मुकुल वशिष्ट, निवासी आनंद विहार रेलवे कॉलोनी, जगतपुरा के रूप में हुई है। भावना एक निजी कॉलेज में लेक्चरर के पद पर कार्यरत थीं। रविवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने पति मुकुल के साथ खाना खाने के बाद रोजाना की तरह वॉक पर निकली थीं।
पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि दंपती सीबीआई फाटक के पास सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने पहुंचाई मदद
घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान भावना वशिष्ट ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति मुकुल का इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने सोमवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में हिट एंड रन का केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन और चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
जयपुर पहुंचते ही भाजपा विधायक ने खोले बंगाल के ‘सीक्रेट’, बोले- राज्य में फर्जी दस्तावेजों का नेटवर्क
इलाके में आक्रोश, सख्ती की मांग
इस हादसे के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने रात के समय तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लगातार बढ़ रहे हिट एंड रन मामलों ने शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।