पुलिस मुख्यालय द्वारा साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत विश्वकर्मा पुलिस थाना जयपुर पश्चिम ने म्यूल अकाउंट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस ने बताया कि साइबर क्राइम, संगठित अपराध, मादक पदार्थ, अवैध हथियार सहित विभिन्न अपराधों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को टीम गठित कर अधिक से अधिक कार्रवाई करने और अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
ये भी पढ़ें: जमीनी विवाद में दबंगई: नागौर में दुकान में घुसकर अधेड़ पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला, वारदात CCTV में कैद
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम राजेश गुप्ता तथा सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं अंजू के निकट सुपरविजन में पुलिस थाना विश्वकर्मा थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक रविन्द्र सिंह नरूका के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 14C द्वारा संचालित साइबर पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध में उपयोग किए जा रहे संदिग्ध म्यूल अकाउंट और मोबाइल नंबरों को चिन्हित किया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने नाम से विभिन्न बैंकों में बैंक खाते खुलवाकर उन्हें कमीशन के आधार पर साइबर अपराधों में उपयोग के लिए उपलब्ध करवाता था। आरोपी स्वयं भी यूपीआई के माध्यम से राशि का उपयोग करता था। पुलिस ने चिन्हित म्यूल अकाउंट के मूल खाताधारक जितेन्द्र सैनी पुत्र दुलीचन्द को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों और खातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।