राजधानी जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक लोक संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा का महाकुंभ 'लोकमंथन 2026' आयोजित होगा। जवाहर कला केंद्र में होने वाले इस आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित देश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और अयोध्या स्थित श्रीहनुमत निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में देशभर से दो हजार से अधिक चयनित प्रतिभागी और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार और उप मुख्यमंत्री एवं आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
नंदकुमार ने बताया कि लोकमंथन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लोकजीवन, लोकचेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय विमर्श में उचित स्थान दिलाने का प्रयास है। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के अनुभवों और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक अकादमिक एवं बौद्धिक विमर्श से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में भोपाल से शुरू हुई लोकमंथन की यात्रा रांची, गुवाहाटी और हैदराबाद होते हुए अब जयपुर पहुंची है। इस बार लोकशिक्षा, लोकस्वास्थ्य, लोकसंवाद, लोकविज्ञान, लोककला, भारतीय खेल दृष्टि और पारंपरिक मौसम अनुमान जैसे विषयों पर 24 समानांतर सत्र आयोजित होंगे।
इन सत्रों में लोक परंपराओं से जुड़े प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद शिक्षाविद, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता उनसे संवाद करेंगे। इन चर्चाओं के निष्कर्षों के आधार पर शोध और पाठ्यक्रम निर्माण के लिए सुझाव तैयार किए जाएंगे।
रोमा और यजीदी समुदायों के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
इस बार आयोजन में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी खास रहेगी। रोमा, यजीदी और लातविया से जुड़े सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न प्राचीन संस्कृतियों की परंपराओं और साझा विरासत पर संवाद होगा। आयोजन में शामिल होने के लिए पंजीकरण सभी के लिए खुला रखा गया है।
8 हजार किलोमीटर की लोकदर्शन यात्रा
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन की मेजबानी करना राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। 'हम भारत के लोग' थीम पर आधारित यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि लोकमंथन का संदेश गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के सभी 41 जिलों में करीब 8 हजार किलोमीटर की लोकदर्शन यात्रा आयोजित की गई। इस दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, महिला सम्मेलन और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम हुए।