बारां जिले की शाहाबाद थाना पुलिस ने ट्यूबवेलों से केबल और स्टार्टर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 200 फीट चोरी की केबल, दो पानी की मोटर, चार किलोग्राम तांबा सहित अन्य सामान बरामद किया है।
टायर के निशानों से मिला सुराग
जांच के दौरान अधिकांश घटनास्थलों पर एक जैसी मोटरसाइकिल के टायरों के निशान मिले। इसके अलावा ग्रामीणों और मुखबिरों से मिली जानकारी में सामने आया कि शाहाबाद घाटी और मुण्डियर टोल प्लाजा के बीच जंगल क्षेत्र में एक युवक रोजाना संदिग्ध परिस्थितियों में मोटरसाइकिल खड़ी कर बैठता था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की तो युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
बच्चों को लालच देकर जुटाता था जानकारी
पूछताछ में आरोपी विजय सिंह पुत्र सामलिया उर्फ सावलिया निवासी भरोली थाना कस्बाथाना ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह दिन में गांवों में घूमकर छोटे बच्चों को आइसक्रीम या 10-20 रुपये का लालच देता था। इसके बदले बच्चों से खेतों में लगे ट्यूबवेलों, केबलों और मोटरों की जानकारी हासिल करता था। रात के समय वह उन्हीं खेतों में पहुंचकर केबल काटकर चोरी कर लेता था।
चोरी की मोटरें भी करता था पार
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने कस्बाथाना क्षेत्र से दो पानी की मोटर भी चोरी की थीं। चोरी के बाद वह माल को मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी अमरचंद शाक्य को बेच देता था। विजय सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने अमरचंद शाक्य को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की केबल, चार किलोग्राम तांबा और चोरी की गई पानी की मोटर बरामद की गई।
विशेष टीम बनाकर शुरू की गई जांच
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ और वृत्ताधिकारी शाहाबाद छुट्टनलाल मीणा के नेतृत्व में थानाधिकारी रामकेश मीणा की टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें:
ट्रेलर ने पुलिस की बोलेरो को मारी टक्कर, तीन पुलिसकर्मी घायल; दो गंभीर घायलों को जयपुर किया रेफर
अन्य वारदातों का भी खुल सकता है राज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि दोनों कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस मामले में गहन पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी पता लगाने में जुटी हुई है।