बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के छह साल से अधिक समय बाद भी मामले को लेकर सवाल उठते हुए करणी सेना मुंबई के अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौड़ ने जयपुर में सुशांत की मौत से जुड़े अपने दावों को दोहराते हुए जांच को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले की ईमानदारी से जांच करती है तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
दिशा सालियान से जुड़े कथित राज का किया दावा
राठौड़ ने दावा किया कि सुशांत को दिशा सालियान के माध्यम से एक ऐसे कथित राज की जानकारी हो गई थी, जिससे बड़े-बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते थे। उनके अनुसार, इसी वजह से रिया चक्रवर्ती के माध्यम से सुशांत को कथित तौर पर ऐसी दवाएं दिलाई गईं, जिससे वे मानसिक रूप से ड्रग्स के आदी हो जाएं। राठौड़ ने आरोप लगाया कि इसके बाद सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या की गई।
'ये मेरे व्यक्तिगत आरोप और दावे हैं'
उन्होंने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत आरोप और दावे हैं, लेकिन उनका मानना है कि जांच एजेंसी को इन पहलुओं की भी गंभीरता से पड़ताल करनी चाहिए। राठौड़ ने कहा कि अगर जांच सही दिशा में और पूरी ईमानदारी से होती है तो मामले में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
मॉर्च्यूरी में रिया के कथित बयान का किया जिक्र
राठौड़ ने कूपर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में सुशांत का पार्थिव शरीर देखने से जुड़ा अपना पुराना दावा भी दोहराया। उन्होंने कहा कि 15 जून 2020 को वे मॉर्च्यूरी पहुंचे थे और रिया चक्रवर्ती के साथ अंदर गए थे। उनके मुताबिक, सुशांत का चेहरा देखने के बाद रिया ने कथित तौर पर ‘सॉरी बाबू’ कहा था। राठौड़ ने कहा कि उस समय उनके मन में सवाल उठा कि आखिर रिया किस बात के लिए माफी मांग रही थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रिया के उस कथन का वास्तविक अर्थ वे निश्चित तौर पर नहीं बता सकते।
पुलिस पर बयान दर्ज नहीं करने का आरोप
राठौड़ ने आरोप लगाया कि उन्होंने उस समय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को अपनी बात बताई थी, लेकिन उनका बयान दर्ज नहीं किया गया। अब वे महाराष्ट्र मानवाधिकार आयोग के सामने दोबारा जांच की मांग रखने की बात कह रहे हैं।
बॉलीवुड के कथित ड्रग्स नेटवर्क पर भी लगाए आरोप
इसके साथ ही राठौड़ ने बॉलीवुड में कथित ड्रग्स नेटवर्क को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में बड़े स्तर पर ड्रग्स का खेल चल रहा है और बड़ी संख्या में कलाकार इसके शिकार हैं। उनका दावा है कि जांच में ड्रग्स के एंगल की गहराई से पड़ताल होने पर भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।