दीया कुमारी ने गोगामेड़ी की हत्या को कांग्रेस की नाकामी का परिणाम बताया
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जयपुर के विद्याधर विधानसभा क्षेत्र से हाल में निर्वाचित भाजपा विधायक दीया कुमारी ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं इस घटना से बिल्कुल स्तब्ध हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।
घटना की कड़ी निंदा करते हुए दीया कुमारी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से असफल रही और यह घटना भी उसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सुखदेव सिंह जी के सुरक्षा मांगने पर भी प्रदेश सरकार से उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान ऐसी घटना होने का अंदेशा भी जताया था। इसके बावजूद सरकार ने इस मामले में कुछ नहीं किया जो कि बहुत निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस राज के गत पांच वर्षों में गैंग वॉर जैसी घटनाएं आम बात हो चुकी हैं। प्रदेश में न आम आदमी सुरक्षित रहा और न ही महिलाएं। इसका नतीजा कांग्रेस सरकार को इन चुनावों के दौरान मिला, जहां जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
दीया कुमारी ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक में लेकर आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। जब तक आरोपियों को कड़ी सजा नहीं मिलेगी, तब तक ऐसी वारदातें होती रहेंगी। दीया कुमारी ने युवाओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मैंने राजस्थान पुलिस के डीजीपी और कमिश्नर से घटना को लेकर जानकारी ली है। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।