पानी-गैस के बाद अब हर घर बनेगा सूर्यघर
पानी और गैस के बाद अब मोदी का मिशन हर घर सूर्यघर बनाने का है। मेरी कोशिश है आपका बिजली का बिल जीरो हो जाए। यानि सरकार घर की छत पर छोटा सा सोलर प्लांट लगाने के लिए आपकी मदद करेगी। आप अपनी जरूरतों के साथ सरकार को बिजली बेचकर कमाई भी कर सकोगे। मेरा लक्ष्य है अपने हर परिवार को मजबूत बनाना है।
भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत मालवीय के समर्थन में जनसभा करने प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा पहुंचे। विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मैंने आपसे कहा था कि जादूगर के जादू का खेल अब नहीं चलेगा। आपने मेरी बात का मान रखा इसके लिए आप सभी का आभार।
अपने लिए वोट मांगने आया हूं
राजस्थान से राज्यसभा सदस्य के रूप में चुनी गई सोनिया गांधी का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, जीत नहीं सकते, वो इस बार राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य के रूप में सीट पर पहुंचे हैं। मोदी जी ने कहा कि देश का युवा इतना गुस्से में है वो आज कांग्रेस का मुंह भी नहीं देखना चाहता।
मोटे अनाज को श्री अन्न बताते हुए मोदी जी ने कहा कि उन्होंने इस मोटे अनाज को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। मोदीजी ने कहा कि जालौर के भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम को वोट देने का मतलब मोदी को मजबूत बनाने की गारंटी। जनता के एक-एक वोट से मोदी को तेज काम करने की ताकत मिलेगी। मोदी ने कहा कि मैं यहां लुंबारामजी के लिए ही नहीं अपने लिए भी वोट मांगने आया हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदान हमारे लिए गर्व का विषय है और जब हम गर्व के इस काम को करने जाएंगे तो गर्मी भी ऐसे ही भाग जाएगी।
हर खेत और हर घर तक पानी पहुंचाना है लक्ष्य
लाखा बंजारा की बात करते हुए मोदी जी ने कहा कि किसान के हर खेत और हर बहन के घर तक पानी पहुंचाना मोदी का मिशन है। नल से जल योजना के तहत देश के 11 करोड़ से अधिक परिवारों को इस योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में पानी पहुंचाने की योजना को पूरे समय लटकाए रखा। अब भजनलाल सरकार में इस योजना का क्रियान्वयन हुआ है।
प्रधानमंत्री ने सालगांव बांध परियोजना की बात करते हुए कहा कि यह परियोजना साढ़े चार दशक पहले शुरू की जानी थी, उस समय पूरे देश में कांग्रेस की सरकार थी लेकिन यह परियोजना कभी पूरी नहीं की गई। यदि इसे उस समय शुरू कर दिया जाता तो इसकी लागत मात्र 30 लाख रुपये आती जो कि आज 250 करोड़ तक जा पहुंची है। अब भाजपा सरकार इसे तेजी से पूरा करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध का शिलान्यास पंडित नेहरू के समय किया गया था लेकिन बाद की सरकारों ने इसे लटकाए रखा और अब जाकर मोदी के कार्यकाल में यह काम पूरा हो सका। मोदीजी ने कहा कि तमाम कोशिशों के बाद अब जालौर और बाड़मेर के डेढ़ हजार से अधिक गांवों में पहुंचाया जा सका।
3 करोड़ घर बनाने का संकल्प, 5 लाख तक का इलाज मुफ्त
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब तक राजस्थान के करीब 19 लाख दलित और आदिवासी परिवारों के लिए पक्के घर बन चुके हैं, इनमें से एक लाख जालौर और सिरोही क्षेत्र में बने हैं। लोग इन घरों में रहने चले गए हैं। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को एक जिम्मेदारी देते हुए कहा कि संपर्क अभियान के दौरान यदि कोई व्यक्ति जो कि इस योजना का हकदार है लेकिन अब तक योजना का लाभ उसे नहीं मिला है, संपर्क में आए तो उसे मोदी की गारंटी देते हुए कहना कि मोदी तीसरी बार आएगा तो उसे जरूर योजना का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले कार्यकाल में तीन करोड़ घर बनाए जाएंगे।
आयुष्मान भारत के तहत इलाज की गारंटी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 70 साल से ज्यादा उम्र के हर एक व्यक्ति के इलाज का पांच लाख रुपये का खर्च सरकार उठाएगी। शुरुआती इलाज के लिए प्रदेश में दस हजार आयुष्मान आरोग्य केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा मेडिकल कॉलेज खोलने की बात भी उन्होंने कही। प्रधानमंत्री ने यहां मौजूद जनता से कहा कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है।
अपने भाषण की शुरुआत प्रधानमंत्री ने एक राजस्थानी कहावत से की। उन्होंने कहा कि आप फटे, घर उलटे, कतई बतरा कोर, शीश कटे, धड़ लड़ फड़े जद छूटे जालौर। उन्होंने जालौर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि पिछले चुनावों में जनता ने भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया है। उन्होंने पहले चरण के मतदान की बात करते हुए कहा कि आधे राजस्थान ने कांग्रेस को भरपूर सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत नहीं बना सकती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार को हर आने-जाने वाला धमका देता था। प्रधानमंत्री को कोई नहीं पूछता था। कांग्रेस के कार्यकाल में रिमोट कंट्रोल सरकार थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालौर पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साफा पहनाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम चौधरी ने मोदीजी को दुपट्टा पहनाया।
भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम चौधरी के समर्थन में सभा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जालौर पहुंचने वाले हैं। इस लोकसभा सीट पर चौधरी के सामने कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत चुनाव मैदान में हैं।