राजस्थान के नए DGP राजीव शर्मा ने पदभार संभालते ही सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता का संकल्प दोहराया। उन्होंने अपराध, साइबर अपराध पर नियंत्रण और पुलिस को आमजन के अनुकूल बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
राजस्थान के नव नियुक्त पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता और पुलिस विभाग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा, जनता की सेवा के इस अवसर को पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार द्वारा जताए गए विश्वास पर आभार प्रकट करते हुए DGP राजीव शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य राजस्थान पुलिस की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने यह संकल्प लिया कि पुलिसिंग के क्षेत्र में राजस्थान को देशभर में एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने कुछ प्राथमिकताएं भी साझा कीं।
उन्होंने कहा कि हर थाना आमजन के अनुकूल हो, जहां पुलिसकर्मी सहृदयता और संवेदनशीलता से व्यवहार करें। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त रणनीति अपनाई जाएगी। पुलिस पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी। साथ ही साइबर अपराध जैसे उभरते खतरों पर विशेष ध्यान रहेगा और इसके लिए प्रभावी उपाय किए जाएंगे। डीजपी राजीव शर्मा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सब मिलकर एक सुरक्षित और सशक्त राजस्थान का निर्माण करें।