राजस्थान में अगले 24 से 28 घंटे के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बाद 27 फरवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। महाशिवरात्रि के अगले दिन नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के 7 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है।
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार 27 फरवरी से गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, अलवर और भरतपुर में बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में अलवर, सीकर, कोटा, जोधपुर, चूरू, गंगानगर, नागौर, फतेहपुर, दौसा, करौली, अजमेर और जयपुर में दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हुआ है। अलवर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ, जबकि करौली में सबसे कम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राज्य के पश्चिमी जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 34.1, जालोर में 33.9, पाली में 32.1, जोधपुर में 33.2, बीकानेर में 32 और चित्तौड़गढ़ में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आने वाले एक दो दिनों की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 27 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश और आंधी की संभावना है।