राजस्थान में आज मौसम फिर करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 26 शहरों में आंधी और मेघगर्जन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही दक्षिणी हिस्से में भारी वर्षा की चेतावनी भी दी है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राजस्थान के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से उदयपुर, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा व भरतपुर संभाग में तेज आंधी चलेगी। मौसम में बदलाव से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में चल रही हीटवेव्स से भी राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें: जैसलमेर में मौसम ने लिया करवट: भीषण गर्मी के बीच सुबह हुई हल्की बारिश, लोगों को मिली राहत
यहां भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। शनिवार को भी प्रदेश के कई शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। प्रदेश के मौसम में आया यह बदलाव 20 जून तक जारी रहेगा। इसके बाद पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में इजाफा होगा।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। सर्वाधिक तापमान गंगानगर तथा चूरू में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लूणकरणसर में 44.4, दौसा में 44.3, बीकानेर में 46, चित्तौड़गढ़ में 42.8, कोटा में 43.2, सीकर में 43.8, पिलानी में 43.6 तथा जयपुर में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।