प्रदेश में फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 मई से प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर फिर से शुरू होगा, जिसके चलते अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंचेगा और हीट वेव्स चलेंगी। खासतौर पर इसका सबसे ज्यादा असर सीमावर्ती जिलों में नजर आएगा। राजस्थान में मई की शुरुआत में पाकिस्तान से सटे बाड़मेर, जैसलमेर में सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम पारा 47 डिग्री तक जा पहुंचा था लेकिन इसके बाद प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई लेकिन अब पारे की तपिश एक बार फिर से बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बीकानेर में 42.3 डिग्री दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: Operation Sindoor: शहीद पिता की बहादुर बेटी मां को बंधाती रही हिम्मत, अंतिम क्षण में बहे आंसू, बोली-न जाओ पापा
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन प्रदेश में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जिससे एक बार फिर तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। पूर्वी राजस्थान में 13 व 14 मई को अधिकांश स्थानों में आंधी व बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। वहीं 15 के आसपास तापमान में तेजी से इजाफा होगा। अधिकतम पारे में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। अजमेर में अधिकतम 38.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 36 डिग्री, अलवर में 39.2 डिग्री, जयपुर में 40 डिग्री, पिलानी में 40.9 डिग्री, सीकर में 38.5 डिग्री और कोटा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में 41.9 डिग्री, जैसलमेर में 42 डिग्री, जोधपुर में 40.4 डिग्री तथा गंगानगर में 40.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।