फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान का मौसम: जयपुर समेत किन शहरों में गिरेगा पारा, क्या कहता है आईएमडी का अनुमान?

Wed, 04 Nov 2026 06:31 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ने लगी है। सीकर और फतेहपुर में पारा 12.5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने और जयपुर समेत कई संभागों में रात का तापमान एक से दो डिग्री गिरने का अनुमान जताया है। दिन में धूप खिली रहेगी।

विज्ञापन
जयपुर का मौसम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ ही रातें ठंडी होने लगी हैं। खासकर शेखावाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सीकर और फतेहपुर में रात का पारा 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो माउंट आबू के 11.9 डिग्री के करीब है। उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में भी तापमान गिरने से रात और सुबह के समय सर्दी का असर बढ़ रहा है।

विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी, जबकि रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश या आंधी-तूफान की संभावना नहीं है।

शेखावाटी में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी शहरों में आसमान साफ रहा और दिन में धूप निकली। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मंगलवार को बाड़मेर 36.6 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

रात के तापमान में गिरावट का असर शेखावाटी में ज्यादा दिखाई दे रहा है। सीकर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में रात का पारा 11.9 डिग्री रहा। इसके अलावा भीलवाड़ा में 14.7, उदयपुर में 14.9, चित्तौड़गढ़ में 15.2, अजमेर में 15.4, पिलानी और सिरोही में 15.7 तथा करौली में 15.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

जयपुर सहित इन शहरों में भी गिरेगा रात का तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत गर्म रह सकता है।

कोटा और हाड़ौती में मौसम रहेगा शुष्क

कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में भी फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है, जबकि रात में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का अहसास बढ़ेगा। हाड़ौती क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

उदयपुर और मेवाड़ में भी बढ़ेगी ठंडक

उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में इन इलाकों में सुबह और रात की ठंडक और बढ़ सकती है। शेखावाटी और भरतपुर संभाग में भी तापमान में गिरावट का असर महसूस होगा।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें