राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार को जयपुर और श्रीगंगानगर में बारिश दर्ज की गई, जबकि अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ के कुछ इलाकों में ओले गिरे। प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस बताया गया है।
इन जिलों में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा और भरतपुर सहित कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से मौसम में अचानक बदलाव आया।
यह भी पढें-
जयपुर: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर फरार हुआ आरोपी भरतपुर से गिरफ्तार, दूसरी व्यक्ति से बातचीत का था शक
चौबीस अक्टूबर को फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, चौबीस अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते बीकानेर संभाग और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में पश्चिमी राजस्थान के लिए चौबीस अक्टूबर को मेघगर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। इसके बाद पच्चीस अक्टूबर से प्रदेश में मौसम के फिर शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान ऊंचा बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।