Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कोहरे से हवाई और रेल यातायात प्रभावित। जयपुर से चार फ्लाइट्स डायवर्ट, एक रद्द। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। नए साल पर ठंड बढ़ सकती है।
राजस्थान में कोहरे की मार जमीन से लेकर आसमान तक असर कर रही है। घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित उत्तर-पूर्वी राज्यों में कोहरे के चलते उड़ानों के संचालन में बाधा आई। दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली चार फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया, जबकि जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली एक फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। वहीं, जयपुर से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट करीब पौने दो घंटे की देरी से रवाना हुई।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, कोहरे के कारण इंडिगो की हैदराबाद-चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-6252 को जयपुर उतारा गया। इसके अलावा स्पाइसजेट की मुंबई-दिल्ली फ्लाइट SG-386, एयर इंडिया एक्सप्रेस की गोवा–दिल्ली फ्लाइट IX-1348 और स्पाइसजेट की दुबई-दिल्ली फ्लाइट SG-12 भी जयपुर डायवर्ट की गईं। घने कोहरे के चलते इंडिगो की जयपुर–चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-7742, जो सुबह 5.50 बजे रवाना होती है, रद्द कर दी गई। वहीं, जयपुर-गुवाहाटी फ्लाइट 6E-748 तय समय 6.40 बजे के बजाय सुबह 8.26 बजे उड़ान भर सकी। कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जम्मू-पंजाब सहित कई राज्यों में ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। अजमेर शताब्दी और पूजा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति की जांच कर लें।
ट्रेन नंबर | ट्रेन का नाम | देरी
19610 | उदयपुर एक्सप्रेस | 3 घंटे 16 मिनट