IMD Alert: राजस्थान में बर्फीली हवाओं का असर कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे सुबह और शाम की तेज सर्दी से लोगों को कुछ राहत मिली है। दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जनवरी से राजस्थान में एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में मावठ (बारिश) होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू और झुंझुनूं के कुछ इलाकों में ऊंचाई पर बादल छाए रहे, जिससे इन क्षेत्रों में धूप थोड़ी कमजोर रही। वहीं, राज्य के शेष जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली। सीकर में शनिवार सुबह हल्का कोहरा भी देखा गया।
दिन का तापमान 29 डिग्री तक पहुंचा
शनिवार को जैसलमेर, जोधपुर, चूरू और बीकानेर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढें-
JLF 2026: 'बच्चों को पता रहे विभाजन की गलतियां'; सुधा मूर्ति बोलीं- दोबारा ऐसा नहीं होना चाहिए
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। सिरोही में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दौसा और करौली को छोड़कर, प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
22 जनवरी से मावठ का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। 22 और 23 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में आकाशीय बिजली के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 23 और 24 जनवरी को शेखावाटी के साथ-साथ जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।