राजस्थान में महिला अपराधों के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाले पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने तथाकथित लाल डायरी का एक पेज जारी किया है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। भवानी सामोता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी सोभाग के बीच लेन-देन का जिक्र करते हुए उन्होंने कथित तौर पर धर्मेंद्र राठौड़ की हैंडराइटिंग भी दिखाई।
15 साल साथ रहा, अब क्यों खराब हो गया?
राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मेरे बेटे के जन्मदिन पर मेरे घर आए थे। 50–60 हजार लोगों के बीच बोलकर आए थे कि गुढ़ा नहीं होता, तो मैं मुख्यमंत्री नहीं होता। अचानक गुढ़ा में क्या खराबी हो गई? मैं (कांग्रेस प्रभारी) रंधावा से भी पूछना चाहता हूं। मैंने मां-बहन और बेटियों की सुरक्षा की बात की। इसमें गलत क्या किया? मैं किस बात की माफी मांगू? मैं 15 साल इनके साथ रहा हूं। छह बार इनके कहने से राज्यसभा में वोट किया है। दो बार राष्ट्रपति को वोट किया है। संकट में इनकी सरकार बचाई है। यह पता नहीं था कि आखिरी सत्र के आखिरी दिन मेरे साथ यह किया जाएगा। राजस्थान की सबसे बड़ी पंचायत में जिस तरह मेरी डायरी छीनी गई। छीनने वाले ने कोई पाप नहीं किया क्या? क्या उसका निष्कासन नहीं होना चाहिए, जिसने डायरी छीनी? उनके खिलाफ कुछ नहीं बनता क्या? अगर 15 साल से मैं इन्हें ब्लैकमेल कर रहा हूं तो मैंने उनसे क्या-क्या ले लिया? यह बताते क्यों नहीं?
जेल से बाहर रहा तो पन्ने जारी करता रहूंगा
राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि मेरे खिलाफ रोजाना नए मुकदमे हो रहे हैं। एक मुकदमा आज हो रहा है। एक मुकदमा दो दिन बाद हो रहा है। मैं भी रणनीति के तहत डायरी के पन्ने जारी करता रहूंगा। डायरी के कुछ पन्ने मिसिंग हैं लेकिन मेरे पास जो पन्ने हैं, वह मैं जारी करूंगा। पन्ने स्टेप-बाय-स्टेप जारी करूंगा। मैं जेल से बाहर रहा तो लगातार पन्ने जारी करता रहूंगा। अगर मैं जेल गया तो कोई और आकर मेरी जगह पन्ने जारी करेगा। मुझे अंदर डाल कर देखें सरकार... मैं वेलकम करता हूं। अगर मुझे सरकार ने जेल में डाला तो सरकार के समाचार समाप्त। वंस अपॉन अ टाइम, देअर वाज अशोक गहलोत... भरत सिंह जी चिल्ला–चिल्ला कर मर गए। भाया रे भाया, खूब खाया।
भाजपा से मिलीभगत के सबूत दें
राजेंद्र गुढ़ा ने कांग्रेस को चुनौती दे डाली कि यदि कांग्रेस मेरी बीजेपी से मिलीभगत की बात करती है तो इस मामले में उसे सबूत देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से लाल डायरी का जिक्र करने पर कहा। यह उनका सब्जेक्ट है, वह हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री हैं।