राजस्थान पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष ट्रैफिक स्ट्राइक अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित इस अभियान के तहत मात्र छह दिनों में 50,174 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अभियान के छठे दिन सर्वाधिक 10,825 वाहनों पर चालान बनाकर नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में 4 जून से शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। अभियान के दौरान वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनधिकृत लेखन, अवैध मॉडिफिकेशन, लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर तथा प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई अवैध ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ हुई है। अब तक 19,694 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई और संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह प्रदर्शित करने वाले 13,046 वाहनों पर भी कार्रवाई दर्ज की गई है। वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, पदनाम, प्रतीक और अन्य लेखन प्रदर्शित करने के 6,791 मामलों में पुलिस ने प्रवर्तन किया।
ये भी पढ़ें: Jaipur: रिश्वत विवाद के बाद फिर एक्शन में किरोड़ी, जयपुर की जैविक उर्वरक इकाई पर छापा; कई अनियमितताएं सामने आईं
इसी प्रकार 4,757 वाहनों में अवैध बॉडी अथवा चेसिस मॉडिफिकेशन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। वहीं लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर का अनधिकृत उपयोग करने वाले 3,244 वाहन चालकों को दंडित किया गया। प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न का उपयोग करने वाले 2,642 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।छठे दिन की कार्रवाई में 4,220 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई, जबकि 2,449 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा 1,784 अनाधिकृत लेखन वाले वाहनों पर चालान बनाए गए। इसके अतिरिक्त 763 वाहनों पर अवैध बत्ती और हूटर तथा 571 वाहनों पर प्रेशर एवं एयर हॉर्न के उपयोग के लिए कार्रवाई की गई।
राजस्थान पुलिस का कहना है कि वह ‘पहले समझाइश, फिर सख्ती’ की नीति पर कार्य कर रही है। जागरूकता और प्रवर्तन के संयुक्त प्रयासों से सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की है।