फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan News: तेज रफ्तार थार ने 20 मिनट में तीन वाहनों को मारी टक्कर, स्कूटी सवार की मौत, चालक युवती फरार

Wed, 03 Dec 2025 06:35 PM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में विधानसभा के पास कल देर रात तेज रफ्तार लाल थार ने दो बाइक और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर मारने के बाद थार चलाने वाली युवती मौके से फरार हो गई। पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
विज्ञापन
तेज रफ्तार थार के सीसीटीवी फुटेज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में मंगलवार देर रात विधानसभा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार लाल रंग की थार ने पहले दो बाइक और फिर एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद थार चला रही युवती मौके से फरार हो गई। पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें तेजी से आ रही थार पहले दो बाइकों को साइड से और उसके बाद पीछे से स्कूटी को जोरदार टक्कर मारती दिखाई दे रही है।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब सवा दस बजे विधानसभा के पास हुआ, जहां से ज्योतिनगर थाना करीब 700 मीटर की दूरी पर है। पुलिस के अनुसार नटराज नगर (टोंक रोड) निवासी पारस व्यास (23) अपनी बुआ नंदिनी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर घर से विधानसभा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पारस और उसकी बुआ सड़क पर दूर तक गिर गए। हादसे में पारस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं, उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें: राजस्थान में ऐसा क्यों? राजधानी में काली थार के धड़ाधड़ कट रहे चालान, सड़क पर लग गई जब्त वाहनों की कतारें
विज्ञापन


एक्सीडेंटल थाना साउथ की प्रभारी अंजू कुमारी ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने थार गाड़ी को जब्त कर लिया है। वाहन प्रिया चौधरी के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो खो नागोरियन, जगतपुरा की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रिया चौधरी जयपुर में एक क्रिकेट अकादमी संचालित करती हैं और उनके पति की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। 

एसीपी ट्रैफिक साउथ अमीर अहमद ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त प्रिया चौधरी की इकलौती बेटी भव्या चौधरी थार चला रही थी लेकिन पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है। जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटे हैं कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था।
विज्ञापन


पुलिस फरार युवती की तलाश में जुटी हुई है। वहीं पारस व्यास की मौत से परिवार में गहरा शोक है और इलाके में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें