भीलवाड़ा के कोटड़ी क्षेत्र में 2 अगस्त 2023 को घटित भट्टी कांड के मामले में पॉक्सो कोर्ट संख्या 2 ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दो सगे दोषी भाइयों, कालू और कान्हा को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। इस मामले में कुल नौ आरोपियों पर ट्रायल चल रहा था, जिसमें सात आरोपियों को अदालत ने दोषमुक्त कर दिया, जबकि बाकी दो कालू और कान्हा को दोषसिद्ध पाया गया।
इस भयंकर घटना में नाबालिग युवती को जलती हुई कोयले की भट्टी में झोंक दिया गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया था और इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की थी।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस फैसले का स्वागत करते हुए ट्वीट किया है कि अगस्त 2023 में भीलवाड़ा के कोटड़ी में बालिका से दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में अदालत से दोषियों को मृत्युदंड की सजा का फैसला स्वागतयोग्य है। हमारी सरकार ने आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई की थी और घटना स्थल पर एडीजी क्राइम को भेजा गया था। केस ऑफिसर स्कीम के तहत केस को लिया गया और एक महीने में ही चार्जशीट दायर कर दी गई। करीब 10 महीने के अंदर दोषियों को सजा सुनाई गई है। इस फैसले से राज्य में न्याय की जीत हुई है और यह घटना एक मिसाल के तौर पर याद की जाएगी।