जयपुर एयरपोर्ट से करोड़ों के साथ यात्री गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा है। यात्री के ट्रॉली बैग से लगभग 11 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर ला रहा था गांजा
कस्टम्स अधिकारियों ने फ्लाइट संख्या FD 130 से पहुंचे इस यात्री की तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग से हाइड्रोपोनिक वीड की खेप बरामद हुई। आरोपी ने गांजे को बारीकी से पैक कर बैग के भीतर छिपा रखा था, ताकि जांच के दौरान यह पकड़ में न आ सके। हालांकि सतर्कता से जांच कर रहे अधिकारियों ने इसे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पिछले हफ्ते भी हुई थी बड़ी बरामदगी
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जयपुर में नशीले पदार्थ और सोने की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले सप्ताह राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), जयपुर ने हाइड्रोपोनिक वीड और सोना तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि जयपुर एयरपोर्ट नशा और सोना तस्करों का नया ठिकाना बनता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Kota News: पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, नशे में नाबालिग युवती को ले जा रहा था भगाकर
कस्टम्स और डीआरआई की कड़ी निगरानी
कस्टम्स विभाग और डीआरआई की टीमें अब लगातार एयरपोर्ट पर संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों की इस तरह की तस्करी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ी हुई है और इसकी गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Alwar News: अलवर में साइबर अपराधी गिरफ्तार, ठगों को फर्जी म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने का आरोप