राजधानी जयपुर में एसआई भर्ती पेपर लीक को लेकर बीते कई दिनों से धरना दे रहे नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने 25 मई को इसी मुद्दे को लेकर जयपुर में बड़ा आंदोलन करने एलान कर दिया है। हनुमान के इस एलान से प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। बेनीवाल ने शनिवार को अपने समर्थकों से कहा कि 25 मई को जयपुर की सड़कों पर सिर्फ भीड़ नहीं चाहिए, हर कदम में वो आक्रोश चाहिए जो एक नई व्यवस्था की नींव रखे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: SI भर्ती को यथावत रखने की मांग को लेकर जोधपुर में विरोध प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘अब बात सिर्फ भर्ती की नहीं’
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अब बात सिर्फ एक भर्ती की नहीं रही। बात अब उस जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने की है, जिसने राजस्थान के लाखों युवाओं के सपनों को रौंदा है। मैं हनुमान बेनीवाल, वो बेटा हूं इस मिट्टी का, जो न कभी किसी सत्ता से डरा, न कभी अपने जमीर से समझौता किया। हर बार जब भी राजस्थान के किसी भी कोने में किसी भी युवा पर अन्याय हुआ, मैंने आवाज उठाई। चाहे मुझे सदन से निकाल दिया गया हो, या मेरी आवाज दबाने की हर संभव कोशिश की गई हो। बेनीवाल बोले कि 25 मई को फिर एक इम्तिहान है- मेरा नहीं, आपका। ये आपकी तकदीर, आपके भविष्य और आपकी आवाज का इम्तिहान है।
‘क्या बेरोजगारी जाति देखकर आती है?’
बेनीवाल ने कहा कि मुझे पता है कि कोई जाति का नाम लेकर आपको रोकने आएगा, कोई धर्म की दीवार खड़ी करेगा, तो कोई कहेगा कि ‘क्या फर्क पड़ता है’। लेकिन मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं कि क्या आपकी बेरोजगारी जाति देखकर आती है? क्या पेपर लीक धर्म देखकर होते हैं? क्या सपनों की कीमत पार्टी देखकर तय होती है? नहीं, तो फिर अब और चुप क्यों? उन्होंने कहा कि मैंने अपना सब कुछ दांव पर लगाया है। कभी संसद में लड़ा, कभी सड़कों पर उतरा, कभी जेल गया, कभी धमकियों से गुजरा...। सिर्फ इसलिए ताकि जब आप लड़ने को तैयार हों, तो कोई हनुमान बेनीवाल आपके साथ खड़ा हो।
यह भी पढ़ें- नीति आयोग की बैठक: सीएम भजनलाल बोले- अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने को सर्कुलर इकोनॉमी इंसेंटिव स्कीम ला रहे हैं
समर्थकों से की यह अपील
हनुमान ने अपने समर्थकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि 25 मई को मैं इंतजार करूंगा- उन आंखों का जिनमें उम्मीद हो, उन आवाजों का जिनमें हिम्मत हो और उन कदमों का जो इस व्यवस्था की नींद तोड़ सकें। आइए मेरे साथ पार्टी और झंडे का भेद भूलकर, सिर्फ और सिर्फ अपने हक की लड़ाई के लिए। अगर अब नहीं जागे, तो फिर कभी मत कहना कि कोई लड़ा नहीं।