Jaipur: आमेर के सागर क्षेत्र में एक बिज्जू रहवासी क्षेत्र में घुस गया। बताया जा रहा है कि घना जंगल होने के कारण यहां पहले भी कई बार वन्य जीव आबादी में घुस चुके हैं।
आमेर के सागर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक बिज्जू (बेजर) आबादी क्षेत्र में आ गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए बिज्जू को पकड़ लिया और उसे बोरी में बंद कर दिया।
विज्ञापन
सागर क्षेत्र के पास घना जंगल होने के कारण यहां पहले भी कई बार वन्य जीव आबादी में घुस चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिज्जू एक घर के पास देखा गया, जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए। कुछ देर की मशक्कत के बाद स्थानीय युवकों ने उसे पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से बोरी में डाल दिया।
इसके बाद ग्रामीण उसे नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क ले गए, जहां वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया। वन विभाग अधिकारियों ने बताया कि बिज्जू को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। गौरतलब है कि बिज्जू एक शर्मीला और आमतौर पर हानिरहित जीव होता है, लेकिन डर की स्थिति में यह हमलावर हो सकता है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी वन्य जीव को खुद से पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।