डॉ. किरोड़ीलाल मीणा
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान की सियासत में पर्ची शब्द की गूंज सुनाई दे रही है। बीजेपी ने पर्ची निकालकर भजनलाल शर्मा के नाम का एलान किया तो कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को पर्ची सरकार करार दे दिया। अब इस पर कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने पलटवार किया है।
दरअसल, कांग्रेस की पर्ची सरकार वाले बयान पर किरोड़ीलाल ने पलटवार करते हुए कहा, हमने तो पर्ची दी, उन्होंने तो पर्ची भी नहीं दिखाई। कांग्रेस के यहां तो कान में फुसफुसाकर ही निर्णय बता दिया जाता है। यह पीसीसी चीफ रहेंगे, यह नेता प्रतिपक्ष रहेंगे। हमने पर्ची सबके बीच में खोली थी। पर्ची लाना कोई बुरी बात नहीं है। किरोड़ी ने कहा, मैंने विधानसभा में बहुत सारी पर्ची लगाई है। पर्ची की परंपरा हरिशंकर भाभड़ा ने डाली थी, यह पर्ची सिस्टम बहुत अच्छा है।
समय से पहले, भाग्य से ज्यादा कुछ नहीं मिलता : किरोड़ीलाल मीणा
वहीं, किरोड़ीलाल मीणा के पोर्टफोलियो को लेकर लगातार उठ रहे सवाल पर भी मीणा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि समय से पहले और भाग्य से ज्यादा कुछ नहीं मिलता है। यह ट्रकों के पीछे भी पढ़ लेना, मेरे कार्यकर्ता सोचते हैं कि मैं और बड़ा बनूं, लेकिन जो पार्टी तय करती है, वही होता है।
साथ ही किरोड़ीलाल ने कहा, गांधी जी ने ग्रामोदय का नारा दिया था। मेरी किस्मत है कि मुझे ग्रामीण विकास का विभाग दिया गया है। दीनदयाल जी ने भी गरीबों की सेवा करने का उद्घोष किया था।गरीब-किसान की सेवा करने का विभाग मिला है, यह बहुत बड़ी बात है। मैं भी गांव गरीब किसान का बेटा हूं। बताते चलें, किरोड़ीलाल के समर्थक सोशल मीडिया पर उन्हें अहम विभाग न दिए जाने को लेकर रोष व्यक्त करते रहते हैं। इसे लेकर मीणा ने कहा कि वक्त से पहले और भाग्य से ज्यादा कुछ नहीं मिलता है।