आज धनतेरस है, जो बुधवार दोपहर तीन बजे तक रहेगी। इसके चलते बाजार में दो दिन जबरदस्त खरीदारी होगी। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदार आ रहे हैं। जयपुर में करीब दो हजार किलो चांदी की खपत धनतेरसत के मौके पर बताई जा रही है।
बाजार में पिछले दिनों सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आई। लेकिन अब धनतेरस से ठीक पहले इनकी कीमतों में करेक्शन भी देखने को मिल रहा है। रिटर्न की बात करें तो बीते एक साल में सोने ने 33 प्रतिशत तो चांदी ने 40 प्रतिशत तक का रिटर्न दिया है। ऐसे में निवेशकों का रुझान चांदी की तरफ भी बढ़ा है। पिछले साल धनतेरस पर सोने की कीमत प्रति 10 ग्राम 61 हजार रुपये थी, जो अब 80 हजार क्रॉस कर चुकी है। वहीं, चांदी पिछली धनतेरस पर 70 हजार रुपये किलो बिक रही थी, जो इस बार एक लाख रुपये को पार कर चुकी है।
सोने-चांदी की शुद्धता की जांच यहां करवाएं
बाजार में सोने और चांदी के आभूषणों की शुद्धता की जांच के लिए जयपुर में करीब 22 भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के हॉलमार्क सेंटर हैं। ये सेंटर जौहरी बाजार, सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वैशाली नगर, चांदपील बाजार, वीकेआई, झोटवाड़ा और एमआई रोड जैसे प्रमुख इलाकों में स्थित हैं। इन सेंटरों पर आप केवल 50 रुपये में अपनी ज्वैलरी या सोने-चांदी के किसी भी प्रकार के सामान की शुद्धता जांच सकते हैं।
इनका कहना है
इस बार बाजार में दो धनतेरस है। पिछले तीन दिनों से जयपुर के बाजार में जबरदस्त खरीद बढ़ी है। सबसे ज्यादा भीड़ इलेक्ट्रॉनिक्स के मार्केट में देखने को मिल रही है।
सुरेंद्र गुप्ता: अध्यक्ष व्यापार महासंघ
सोने- चांदी की कीमतों में भविष्य में कहीं भी मंदी नहीं दिख रही है। इसलिए निवेश के तौर पर और धनतेरस पर शुभता के प्रतीक के रूप में लोग खरीद कर रहे हैं। अनुमान है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार करीब 40 प्रतिशत तक खरीद बढ़ेगी।
कैलाश मित्तल-अध्यक्ष-जयपुर सर्राफा कमेटी