राजस्थान हाईकोर्ट ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) में अधिवक्ताओं के पैनल में नियुक्ति की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अदालत ने कहा कि वकीलों को पैनल में शामिल करते समय बार की वरिष्ठता और अनुभव की अनदेखी की जा रही है। यह स्थिति पक्षपात और भाई-भतीजावाद की ओर इशारा करती है। हाईकोर्ट ने इस मामले में आदेश की प्रति राज्य के मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे डिस्कॉम में अधिवक्ताओं की नियुक्ति और उनके कामकाज से जुड़ी स्थिति से अवगत हो सकें।
जस्टिस अशोक कुमार जैन की एकल पीठ ने यह टिप्पणी अजमेर विद्युत वितरण निगम और मुनेश कंवर के बीच चल रही सिविल अपील की सुनवाई के दौरान की। अदालत ने निगम की ओर से पेश अधिवक्ता की तैयारी पर भी नाराजगी जताई। कोर्ट के अनुसार, अधिवक्ता न तो मामले की पूरी तैयारी के साथ आए और न ही अपील में सुप्रीम कोर्ट के एक महत्वपूर्ण फैसले के आधार पर जरूरी कानूनी दलील उठाई।
हाईकोर्ट ने इसे निगम के प्रति क्षमता और समर्पण की कमी बताते हुए कहा कि इस तरह की पैरवी से यह सवाल उठता है कि डिस्कॉम में वकीलों का चयन किन आधारों पर किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
मामला अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड बनाम मुनेश कंवर से जुड़ा है। निगम ने झुंझुनूं की एडीजे कोर्ट संख्या-दो की ओर से 3 अगस्त 2026 को पारित फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। निचली अदालत ने सिविल वाद में मुआवजा देने का आदेश दिया था।
निगम की ओर से अधिवक्ता कार्तिक शर्मा ने अपील में दलील दी कि ट्रायल कोर्ट ने मुआवजे की गणना के लिए सही पद्धति नहीं अपनाई। निगम का तर्क था कि मृतक की उम्र 45 साल थी, जबकि उसकी मां की उम्र 50 साल थी। ऐसे में उम्र के अंतर को लेकर मुआवजे की गणना पर सवाल उठता है।
यह भी पढें-
जयपुर: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी, एक की मौत; पांच घायल
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला भी अपील में नहीं दिया
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि निचली अदालत ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत इस्तेमाल होने वाली गुणक पद्धति और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर मुआवजे की गणना की थी। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के एक महत्वपूर्ण फैसले का भी जिक्र किया गया।
अदालत ने कर्नाटक पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड बनाम रेखा, 2026 एससीसी ऑनलाइन सुप्रीम कोर्ट 1545 के फैसले का हवाला दिया। इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने रमन बनाम उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड एवं अन्य, 2014 के फैसले के आधार पर स्पष्ट किया था कि बिजली के करंट से मौत के मामलों में, यदि मुआवजे का दावा अपकृत्य विधि के तहत किया जाता है तो उसकी गणना के लिए गुणक पद्धति अपनाना स्वीकार्य नहीं है।हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट के इस महत्वपूर्ण कानूनी आधार को निगम की ओर से अपील में उठाया ही नहीं गया। अदालत के अनुसार, इससे निगम की ओर से हाईकोर्ट में मुकदमों की तैयारी और पैरवी के तरीके पर सवाल खड़े होते हैं।
मुख्य सचिव को बतानी होगी डिस्कॉम में नियुक्तियों की स्थिति
अदालत ने अधिवक्ताओं के पैनल में नियुक्ति के दौरान वरिष्ठता और अनुभव को महत्व नहीं दिए जाने पर भी चिंता जताई। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की स्थिति पक्षपात और भाई-भतीजावाद को दर्शाती है। हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि फैसले की प्रति राजस्थान के मुख्य सचिव को भेजी जाए। अदालत ने कहा कि मुख्य सचिव राज्य की नौकरशाही के प्रमुख हैं और उन्हें पता होना चाहिए कि डिस्कॉम में अधिवक्ताओं के पैनल की नियुक्ति को लेकर क्या हो रहा है। उन्हें अदालत की टिप्पणियों पर विचार करना चाहिए।
पांच लाख रुपये जमा कराने पर निगम को अंतरिम राहत
हाईकोर्ट ने निगम की अपील पर सुनवाई करते हुए उसे सशर्त अंतरिम राहत भी दी है। अदालत ने निर्देश दिया कि अजमेर डिस्कॉम आठ सप्ताह के भीतर ट्रायल कोर्ट में पांच लाख रुपये जमा कराए। ऐसा करने पर निचली अदालत की ओर से पारित डिक्री के तहत शेष राशि की वसूली आगामी आदेश तक स्थगित रहेगी।
कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को यह पांच लाख रुपये वादियों को निर्धारित शर्तों के साथ देने की अनुमति दी है। शर्त के मुताबिक, यदि निगम अपील में सफल रहता है तो वादियों को हाईकोर्ट के आदेश की तारीख से चार सप्ताह के भीतर यह राशि लौटानी होगी।
हाईकोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए प्रतिवादी को नोटिस जारी किया है। स्पीड पोस्ट से अतिरिक्त तामील कराने और निचली अदालत का रिकॉर्ड तलब करने के निर्देश भी दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई फरवरी 2027 में होगी।