नार्को-फ्री कैंपस पहल और नशे के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई के तहत, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), जयपुर ज़ोनल यूनिट ने हाल में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में ड्रग्स की सप्लाई करने वाली एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। एनसीबी के ज़ोनल निदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि यह एक सटीक जानकारी के आधार पर पिछले दिनों यह कार्रवाई की गई। इसमें महिला तस्कर को 123.8 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) के साथ हिरासत में लिया गया।
यह कार्रवाई मणिपाल यूनिवर्सिटी, दहमी कलां के आसपास के क्षेत्र में की गई, जो हाल के समय में अवैध नशीले पदार्थों की गतिविधियों का केंद्र बन गया था। गिरफ्तार महिला कविता गुर्जर को छोटे-छोटे पाउच में पैक किए गए मेफेड्रोन (एमडी) के साथ पकड़ा गया, जिसे यूनिवर्सिटी कैंपस के आसपास वितरित करने की योजना थी। जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये है।
ऑपरेशन की प्रमुख बातें
एनसीबी ने खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसमें मणिपाल यूनिवर्सिटी और उसके आसपास मेफेड्रोन (एमडी) की तस्करी और बिक्री की सूचना मिली थी। संदिग्ध महिला की गतिविधियों पर कई दिनों तक पैनी निगरानी रखी गई। इस खुफिया जानकारी के आधार पर, एक दिसंबर 2024 की मध्यरात्रि को एक योजनाबद्ध और सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। छापेमारी के दौरान, संदिग्ध महिला को पकड़ा गया और उसके पास से प्रतिबंधित पदार्थ की जब्ती की गई। इस ऑपरेशन में बगरू पुलिस थाने के स्थानीय पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया और छापेमारी के दौरान सुरक्षा और लॉजिस्टिक प्रदान किया।
एनसीबी जयपुर ज़ोनल यूनिट ने अपराध संख्या 09/2024 दिनांक 30 नवंबर 2024 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी महिला के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है, जिसमें ड्रग सप्लाई चेन का पता लगाना और इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करना शामिल हैंI गिरफ्तार महिला तस्कर का नाम कविता गुर्जर है, जो गुर्जरों के मोहल्ला, दहमी कलां जयपुर की रहने वाली है।