राजस्थान में प्रचार के लिए नेताओं को नहीं मिल रहे हेलीकॉप्टर।
- फोटो : Amar Ujala Digital
आगामी विधानसभा चुनाव के चलते प्रदेश के नेताओं ने हेलीकॉप्टर्स की प्री-बुकिंग करवा ली है, जिसके कारण डिमांड सप्लाई में बड़ा गैप आ गया है और किराया आसमान पर पहुंच गया है। पहले जो किराया पांच लाख था वो चुनाव के चलते 12 लाख रुपये हो चला है।
बड़े नेताओं ने हेलीकॉप्टर की बुकिंग एडवांस में करवाई
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने डबल इंजन हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराई है। मंत्री लेवल के अधिकांश नेताओं ने भी डबल इंजन हेलीकॉप्टर की बुकिंग करवाई है। तीन घंटे के लिए 12 लाख रुपये किराया देना होता है। पोस्टर फेंकने के लिए सिंगल इंजन हेलिकॉप्टर काम में लिए जाएंगे, जिसका किराया करीब दो लाख रुपये प्रतिघंटा है।
इन नेताओं के होंगे हवाई दौरे
हवाई यात्रा करने वालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल, बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़, रामलाल जाट और कई मंत्री और विधायक शामिल हैं।
कोई भी हेलीकाॅप्टर खाली नहीं
सोहन सिंह, ए वन हेलीकॉप्टर के अनुसार, चुनाव से पहले सभी हेलीकॉप्टर्स की बुकिंग की जा चुकी है। वर्तमान में चुनाव के लिए कोई अवैलेबिलिटी नहीं है। सामान्य दिनों की बजाय किराया डेढ़ से दोगुना है, मगर हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं होने के चलते सभी नेताओं को बुकिंग के लिए मना करना पड़ रहा है।