Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनावों में इस बार वोटर का मिजाज किस तरफ रहा, यह नतीजे ही बताएंगे। लेकिन कांग्रेस को 'जी फैक्टर' यानी गुर्जर वोटों की चिंता निश्चित रूप से सता रही है। इसी कड़ी में सीएम गहलोत ने चुनाव से ठीक पहले सचिन पायलट का वीडियो ट्वीट किया है। इसमें सचिन पायलट कांग्रेस के समर्थन में वोट डालने की अपील कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव से ठीक पहले सचिन पायलट का वीडियो ट्वीट किया है। इसमें सचिन पायलट कांग्रेस के समर्थन में वोट डालने की अपील कर रहे हैं। इसमें सचिन पायलट कह रहे हैं कि हम सारी बातें भुलाकर हाथ के निशान पर बटन दबाकर कांग्रेस को जितवाएं। गौरतलब है कि पिछले पांच सालों में गहलोत और पायलट के बीच विवादों के चलते राजस्थान में कांग्रेस की सरकार कई बार संकट में फंसी।
विज्ञापन
पिछले चुनाव में नाराज थे गुर्जर वोटर
चुनावों के ऐलान के बाद भी कांग्रेस में इसी बात को लेकर घमासान मचा हुआ है कि दोनों में से सीएम का चेहरा कौन होगा। गुर्जर वोटर पिछली बार सचिन पायलट को सीएम नहीं बनाए जाने को लेकर काफी नाराज थे। इसलिए इस बार कांग्रेस को ये वोट छिटकने का डर जरूर सता रहा होगा। खुद सीएम अशोक गहलोत एक दिन पहले प्रेस कांफ्रेस में यह कह चुके हैं कि बीजेपी गुर्जरों को भड़काने का काम कर रही है।
पायलट-गहलोत साथ साथ
कांग्रेस के कई प्रत्याशियों को इस बात का डर है कि सचिन पायलट के साथ खड़े नहीं नजर आने का खामियाजा उन्हें चुनावों में उठाना पड़ेगा। जिस वीडियो क्लिप को गहलोत ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया है, उसमें वे और पायलट साथ-साथ नजर आ रहे हैं। कुछ दिन पहले गहलोत और पायलट रैली के दौरान मंच किया साझा किया था।