फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख चुनाव में बदली तस्वीर, सात जिलों में पलटा सियासी गणित

Thu, 26 Nov 2026 07:18 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में उप जिला प्रमुख चुनाव में सात जिलों में सियासी समीकरण बदल गए। कांग्रेस ने 25, भाजपा ने आठ, बीएपी ने तीन और आरएलपी ने एक पद जीता।

 

विज्ञापन
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनाव के बाद गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव ने कई जिलों में सियासी तस्वीर बदल दी। जिला प्रमुख का पद एक पार्टी के खाते में गया तो उप जिला प्रमुख की कुर्सी दूसरी पार्टी ने हासिल कर ली। प्रदेश के सात जिलों में ऐसा हुआ, जहां एक दिन पहले बने चुनावी समीकरण अगले ही दिन बदल गए। कहीं कांग्रेस ने भाजपा से पद छीन लिया तो कहीं भाजपा और बीएपी ने कांग्रेस को झटका दिया।

37 जिला परिषदों में उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 25 पदों पर जीत दर्ज की। भाजपा को आठ, बीएपी को तीन और आरएलपी को एक पद मिला। इससे एक दिन पहले हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने दो और आरएलपी ने एक पद जीता था। यानी उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने अपनी संख्या एक बढ़ाई, जबकि भाजपा को दो पदों का नुकसान हुआ। बीएपी को एक अतिरिक्त पद मिला।

चूरू और ब्यावर में एक दिन में बदल गई बाजी

चूरू और ब्यावर में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव के नतीजों ने सियासी उलटफेर की सबसे ज्यादा चर्चा कराई। चूरू में एक दिन पहले भाजपा की कनिका सिंह जिला प्रमुख बनी थीं। कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग के कारण राजेंद्र राठौड़ की बहू को जीत मिली थी। लेकिन अगले ही दिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने वापसी की। कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए।

ब्यावर में इसका उलट देखने को मिला। यहां जिला प्रमुख के चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस की ममता गुर्जर जीत गई थीं। लेकिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने बाजी पलट दी। भाजपा के टीकम सिंह ने जीत दर्ज कर उप जिला प्रमुख का पद हासिल किया।

विज्ञापन


यह भी पढें- राजस्थान: भाजपा में हार का ठीकरा टिकट वितरण पर, विधायकों की चली तो संगठन का फीडबैक हुआ नजरअंदाज

कहीं भाजपा-कांग्रेस के बीच बदला समीकरण, कहीं बीएपी बनी निर्णायक

सात जिलों में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख अलग-अलग पार्टियों के बने। सलूंबर में जिला प्रमुख कांग्रेस का है, जबकि उप जिला प्रमुख का पद बीएपी के खाते में गया। प्रतापगढ़ में भाजपा की हकरी कुमारी जिला प्रमुख बनीं तो उप जिला प्रमुख बीएपी का निर्वाचित हुआ।

बांसवाड़ा में बीएपी की रीना जिला प्रमुख बनीं, लेकिन उप जिला प्रमुख का पद भाजपा ने जीत लिया। डीडवाना-कुचामन में भाजपा के बुद्धाराम जिला प्रमुख हैं, जबकि उप जिला प्रमुख कांग्रेस का बना। डीग में भी भाजपा की रेनू सिंह के जिला प्रमुख बनने के बाद कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख का पद हासिल किया।

इन नतीजों से साफ है कि जिला प्रमुख के चुनाव में बने समीकरण उप जिला प्रमुख के चुनाव में हर जगह कायम नहीं रहे। कई जिलों में सदस्यों ने अलग-अलग पदों के लिए अलग रणनीति के तहत मतदान किया।

पूर्व विधायक और राजनीतिक परिवारों को भी मिली जगह

उप जिला प्रमुख के चुनाव में कई चर्चित चेहरे भी सामने आए। अजमेर में भाजपा की सुनीता लांबा निर्वाचित हुईं। वे नसीराबाद से भाजपा विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी हैं। उदयपुर में भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी उप जिला प्रमुख बने। बालोतरा में भाजपा के उम्मीदवार का फैसला लॉटरी से हुआ और पार्टी को जीत मिली।

दोनों पदों पर पार्टीवार स्थिति

पार्टी

जिला प्रमुख

उप जिला प्रमुख

कांग्रेस

24

25

भाजपा

10

8

बीएपी

2

3

आरएलपी

1

1

उप जिला प्रमुख के चुनाव ने यह भी दिखाया कि जिला परिषदों में बहुमत और राजनीतिक समर्थन का गणित हर पद के लिए एक जैसा नहीं रहा। जिला प्रमुख के चुनाव में बढ़त बनाने वाली पार्टी को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कई जगह चुनौती मिली। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें