राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में पिछले कुछ समय से ड्रग नेटवर्क का बड़ा सिंडिकेट सक्रिय नजर आ रहा है। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज तक ड्रग माफिया ने अपनी पहुंच बना ली है। जंगल, घर और एक्सप्रेस-वे तक एमडी माफिया का नेटवर्क फैल चुका है। पिछले कुछ असर से राजस्थान में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाईयां की हैं। इनमें प्रतापगढ़, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बाड़मेर सैंकड़ो करोड़ रुपए की नशे की खेप भी पकड़ी जा चुकी है। जयपुर में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के बाद ड्रग सप्लाई रैकेट का खुलाला एनसीबी ने किया था।
प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हथुनिया थाना पुलिस ने बागलिया के दुर्गम बीहड़ों में चल रही अवैध एमडी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। आधी रात को घेराबंदी कर पुलिस ने प्लास्टिक की झोपड़ी में लगे एमडी निर्माण के पूरे सेटअप को जब्त किया। मामले में पुलिस ने करीम अजमेरी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 28.54 ग्राम एमडी बरामद भी हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह कुख्यात तस्कर हारून अजमेरी के इशारे पर फैक्ट्री की रखवाली कर रहा था। हारून पर पहले से राजस्थान और मध्यप्रदेश में एनडीपीएस के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
1.25 करोड़ की एमडी के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत धोलापानी थाना और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 203 ग्राम एमडी ड्रग जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपए आंकी गई।
हनुमानगढ़: एक्सप्रेस-वे पर 10 करोड़ की ड्रग्स और हथियार
हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान 6 किलो एमडी, 3 किलो अफीम, एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक की बताई गई।
बाड़मेर: घरों में हाईटेक ड्रग फैक्ट्रियां
सरहदी जिला बाड़मेर ड्रग माफिया का बड़ा हब बनता नजर आ रहा है। पिछले साल यहां दो बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस और एनसीबी ने करोड़ों की एमडी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया। केरली आदर्श चवा गांव और धोलकिया गांव में घरों और खेतों के भीतर हाईटेक लैब बनाकर एमडी तैयार की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर यहां से 40 किलो से अधिक तैयार एमडी, सैकड़ों किलो केमिकल, लग्जरी वाहन और उपकरण जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक जब्त केमिकल से करीब 100 करोड़ रुपये की एमडी तैयार की जानी थी।
राजस्थान: ड्रग कार्टेल के खिलाफ एक साल में एक्शन
|
श्रेणी
|
विवरण
|
संख्या
|
|
कुल मुकदमे
|
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज केस
|
6,253
|
|
गिरफ्तारियां
|
नशा तस्करी में शामिल आरोपी
|
6,486
|
|
दुपहिया वाहन
|
तस्करी में प्रयुक्त जब्त बाइक/स्कूटी
|
812
|
|
चौपहिया वाहन
|
तस्करी में प्रयुक्त जब्त कार/ट्रक/जीप
|
1,043
|
ड्रग माफिया की जड़ तक पहुंचने की तैयारी
राज्य पुलिस अब इन सभी मामलों में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। राजस्थान पुलिस अब इस ड्रग माफिया को ध्वस्त करने के लिए उठ खड़ी हुई है। इसमें स्वच्छ प्रतिस्पर्धा के तहत सभी एजेंसियां आपस में एक दूसरे का सहयोग भी कर रही हैं। हमारी कार्रवाई सिर्फ सीजर तक ही सीमित नहीं है। बल्कि इस नेटवर्क के पीछे जो बड़े किंगपिन हैं उन्हें पकड़ने के लिए भी बड़ी योजना बनाई जा रही है।
विकास कुमार- आईजी- एनसीआरबी