राजधानी जयपुर में शहीद स्मारक पर कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को लेकर कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस का प्रदर्शन एक "जुगलबंदी" का नज़ारा पेश कर रहा है और इसे "छोटी मानसिकता का नमूना" बताया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "मुखिया जी, आपके ‘नाकारा, निकम्मा, गद्दार’ अब अचानक से वफादार हो गए हैं। यह नया खेल क्या है?"
कर्नल राठौड़ ने एक पूर्व मंत्री के बयान का जिक्र करते हुए लिखा कि वह धरने में जूते नहीं पहनकर सैंडल पहनने की बात कह रहे हैं। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "गांधी परिवार के नाम पर ललकारना था, लेकिन अपना आराम नहीं छोड़ना था।"
कांग्रेस नेताओं पर तीखा प्रहार
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "कैसे नेताओं के लिए काम करना पड़ रहा है आपको? जिन्होंने सत्ता में रहकर सिर्फ अपना स्वार्थ साधा और युवाओं का भविष्य बेच दिया।" उन्होंने कांग्रेस पर जनता की भलाई की अनदेखी करने और सत्ता के लिए आपसी मतभेद भुलाकर दिखावटी एकता का आरोप लगाया।
डबल इंजन सरकार की तारीफ
कर्नल राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में पानी की समस्या का समाधान नहीं किया। अब डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जब पानी की योजनाएं लागू हो रही हैं तो कांग्रेस रोना मचा रही है। राज्यवर्धन राठौड़ का यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी इस टिप्पणी को कांग्रेस पर तीखे प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह है कि कांग्रेस इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।