प्रमुख शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-954 के साधुवाली-बनवाला सेक्शन और राष्ट्रीय राजमार्ग-54 के बनवाला-हनुमानगढ़ सेक्शन को पेव्ड शोल्डर्स के साथ चार लेन में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को 2,386.08 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के बीच आवागमन आसान और तेज होगा। फोरलेन सड़क बनने से मौजूदा यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और प्रमुख शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
आबादी वाले इलाकों में कम होगा ट्रैफिक दबाव
सड़क के अपग्रेड होने से लालगढ़ जट्टन, पक्का सहराना और हनुमानगढ़ जैसे प्रमुख इलाकों में यातायात को बेहतर तरीके से डायवर्ट किया जा सकेगा। इससे आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की भीड़ कम होने के साथ यात्रा का समय भी घटेगा। पेव्ड शोल्डर्स के निर्माण से सड़क सुरक्षा में भी सुधार होने की उम्मीद है।
श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ के बीच कनेक्टिविटी होगी मजबूत
यह कॉरिडोर राजस्थान के दो महत्वपूर्ण जिला मुख्यालयों श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार और परिवहन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन को भी नई गति मिलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें-
बीसलपुर में तेज हुई पानी की आवक, 313.82 मीटर पहुंचा जलस्तर; 3.70 मीटर गेज पर बह रही त्रिवेणी
पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान
परियोजना का लाभ क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंच में भी मिलेगा। श्रीगंगानगर जिले में बालाजी धाम, फोर्ट राजवाड़ा और गौरी शंकर मंदिर, जबकि हनुमानगढ़ जिले में भटनेर किला, कालीबंगा म्यूजियम और ब्राह्मणी माता मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों तक पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आवागमन आसान होगा।