विधानसभा में शून्यकाल के दौरान विलायती बबूल की समस्या का मामला उठा। बीजेपी विधायक लादूलाल पितलिया ने शून्यकाल में यह मामला उठाते हुए कहा कि विलायती बबूल से जमीन खराब हो रही है, इस पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए जाएं।
पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने इसके जवाब में कहा कि विलायती बबूल से आसपास की सारी जमीन जहरीली हो गई है। यह रोज 30 लीटर पानी रोज सोखता है, इसके कारण से वॉटर लेवल निरंतर नीचे जा रहा है। इसकी वजह से राजस्थान में 500 वनस्पतियां विलुप्त हो गई हैं। यह बहुत ही खतरनाक और सबके लिए नुकसानदेह है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: निजी बस ऑपरेटर्स की हड़ताल से परिवहन व्यवस्था चरमराई, बेनतीजा रही वार्ता, लाखों यात्री बेहाल
लोग इसे कांग्रेसी बबूल भी कहते हैं क्योंकि यह कांग्रेस के द्वारा लाया गया था। अब राजस्थान सरकार इस पर विचार कर रही है कि इस बबूल को समूल नष्ट कैसे किया जाए? पंचायत राज विभाग इस बारे में योजना बना रहा है कि इसे समूल नष्ट किया जाए। सरकार कांग्रेसी बबूलों को किसी कीमत पर राजस्थान की धरती पर नहीं रहने देगी।
दिलावर ने कहा कि 1960 के दशक में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर से इसके बीज बरसाए थे, इस कारण ये हर जगह उग गए हैं। इसकी जड़ें 10 मीटर गहरी होती हैं एक बार काट भी दो और तो यह वापस उग जाता है। राजस्थान भर की चारागाह जमीन पर इसका कब्जा हो गया है।