सार
Jaipur News: जयपुर सेंट्रल जेल में RAC जवान गिरधारी की गोली लगने से मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस आत्महत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट होगा।
जयपुर के सेंट्रल जेल में रविवार की सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) के जवान गिरधारी की गोली लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह जेल परिसर के बाहर बने अस्थायी बैरक में मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी सर्विस राइफल से चली गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही गंभीर हालत बन गई।
गोली चलने की आवाज से मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार, गिरधारी राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी की 10वीं बटालियन में तैनात थे और लंबे समय से जेल के टावर पर सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां गिरधारी खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने घायल जवान को इलाज के लिए सवाई मान सिंह अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में शोक और चिंता का माहौल बन गया।
मामले की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दो प्रमुख एंगल पर काम किया जा रहा है। पहला, आत्महत्या की संभावना—जिसमें आशंका जताई जा रही है कि जवान ने राइफल को जमीन पर टिकाकर बैरल को सीने पर रखा और ट्रिगर दबा दिया। दूसरा एंगल हादसे का है, जिसमें यह संभावना भी जांची जा रही है कि राइफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई हो।
ये भी पढ़ें-
होमगार्ड के बेटे ने किया कमाल, 35वीं रैंक लाकर बढ़ाया जिले का मान
फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।