राजस्थान डीजीपी पुलिस राजीव शर्मा व्यवस्था को लेकर चर्चा करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह को संबोधित करेंगे। राजस्थान में इस आयोजन को आमजन से जोड़ने के लिए प्रदेश के सभी पुलिस थानों पर शाम 5:30 बजे से परेड का बिग स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ प्रदेशवासी भी बैठकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़े इस भव्य समारोह को देख सकेंगे।
पुलिस थानों पर होने वाले प्रसारण में आम नागरिकों के अलावा एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, युवा क्लब, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य और पुलिस मित्रों को भी शामिल किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के परिवार, पुलिस प्रशिक्षु और आरएसी बटालियनों के जवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इस आयोजन के जरिए आमजन को पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से परिचित कराने के साथ ही पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पढे़ं: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही
डीजीपी ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश
सोमवार सुबह केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के सभी पुलिस महानिदेशकों को आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी तक पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों तथा आमंत्रित लोगों के साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे। सभी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों को आयोजन और उसमें हुई सहभागिता की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी।
उन्होंने कहा कि समारोह का मुख्य उद्देश्य देश के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों को राष्ट्र के सामने लाना है।
बैठक में डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल ने जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को आयोजन के सफल संपादन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीजीपी वीके सिंह, रूपिंदर सिंघ, लता मनोज कुमार, प्रफुल्ल कुमार और राघवेंद्र सुहासा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।